दिल्ली

भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच पर बड़ा फैसला: 15 फरवरी को होगी टक्कर, पाकिस्तान सरकार ने बदला रुख

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। यह फैसला पाकिस्तान सरकार के सीधे निर्देश के बाद लिया गया है, जिससे पहले भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले को वापस ले लिया गया।

पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को अपने आधिकारिक बयान में कहा कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पाकिस्तान टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ खेलेगी। इससे पहले भू-राजनीतिक तनावों का हवाला देते हुए मैच के बहिष्कार की बात सामने आई थी

सरकार के आदेश के बाद बदला PCB का रुख

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सरकार के निर्देशों के बाद अपने रुख में बदलाव किया। PCB के मुताबिक, यह फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, टूर्नामेंट की स्थिरता और आर्थिक प्रभावों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

बांग्लादेश विवाद से जुड़ा मामला

इस पूरे घटनाक्रम की जड़ आईसीसी बोर्ड की उस बैठक से जुड़ी है, जिसमें बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के फैसले पर मतदान हुआ था। इस बैठक में बांग्लादेश के पक्ष में सिर्फ PCB ने वोट किया था, जबकि बीसीसीआई समेत अन्य बोर्ड इसके खिलाफ थे।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने इस फैसले को “दोहरा मापदंड” करार दिया था और आईसीसी पर बांग्लादेश के साथ अन्याय का आरोप लगाया था। इसी मुद्दे को लेकर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की चेतावनी दी थी।

श्रीलंका की मध्यस्थता और ICC की भूमिका

सूत्रों के मुताबिक, श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बात कर भारत-पाक मैच खेलने की अपील की थी। इसके अलावा, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने भी PCB को ईमेल के जरिए बताया कि भारत-पाक मैच नहीं होने से टूर्नामेंट की छवि और राजस्व दोनों को भारी नुकसान होगा।

राजस्व नुकसान की चेतावनी

SLC ने स्पष्ट किया कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला रद्द होने की स्थिति में आईसीसी और मेज़बान बोर्ड को करोड़ों का नुकसान हो सकता है। पाकिस्तान फिलहाल आईसीसी के रेवेन्यू मॉडल में चौथा सबसे बड़ा हिस्सेदार है, जिसे कुल कमाई का लगभग 5.75% हिस्सा मिलता है।

15 फरवरी को तय है महामुकाबला

सभी चर्चाओं, कूटनीतिक प्रयासों और आर्थिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आखिरकार पाकिस्तान सरकार ने मैच खेलने की अनुमति दे दी है। अब क्रिकेट फैंस को राहत मिली है और 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News