मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री बैनर युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व का संचार करता है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

CM mohan yadav picture

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति के संस्कार विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री बैनर’ जैसे कार्यक्रम युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आयोजित एनसीसी मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ ‘मुख्यमंत्री बैनर’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को संगठन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। मध्यप्रदेश के विकास के लिए सभी नागरिकों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आगे आने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा अपनी असीम ऊर्जा का उपयोग जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करें तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनें।

भारतीय सेना देश की सीमाओं की रक्षा करने में पूर्ण रूप से सक्षम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना देश की सीमाओं की रक्षा करने में पूर्ण रूप से सक्षम है। भारत ने कभी किसी देश पर आक्रमण नहीं किया और हमेशा विश्व शांति का संदेश दिया है। जब भी आतंकवादियों ने दुस्साहस किया, भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए उन्हें करारा जवाब दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सशस्त्र बलों में नारी सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया जा रहा है। वर्ष 2026 का गणतंत्र दिवस समारोह नारी सशक्तिकरण को समर्पित रहा। पहली बार अर्धसैनिक बल की पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व महिला अधिकारी द्वारा किया गया।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में मध्यप्रदेश की 23 एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता प्रदेश के लिए गर्व का विषय रही। केंद्र सरकार द्वारा स्थायी कमीशन, अग्निपथ योजना में आरक्षण और सैनिक स्कूलों में प्रवेश जैसी पहल से महिलाओं को समान अवसर मिल रहे हैं।

बेस्ट एनसीसी कैडेट्स प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो रजत पदक प्राप्त हुए

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय को बधाई दी। उन्होंने बताया कि बेस्ट एनसीसी कैडेट्स प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो रजत पदक प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 एनसीसी निदेशालयों के बीच तीसरा स्थान प्राप्त करना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता के लिए कैडेट्स, प्रशिक्षकों और अधिकारियों के समर्पण और निरंतर प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, जबलपुर को प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 के लिए बेस्ट इंटर ग्रुप ‘मुख्यमंत्री बैनर’ प्रदान किया। उन्होंने गणतंत्र दिवस शिविर में भाग लेने वाले कैडेट्स को पुरस्कार स्वरूप चेक भी वितरित किए।

कार्यक्रम में नारी शक्ति समूह गीत की प्रस्तुति

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने नारी शक्ति समूह गीत प्रस्तुत किया। एनएसएस कैडेट्स द्वारा एनएसएस गीत की प्रस्तुति भी दी गई। पीएम मेडल विजेता सीनियर अंडर ऑफिसर विशाल सिंह ने आरडीसी के अपने अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं भी अपने छात्र जीवन में एनसीसी और एनएसएस से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र सेवा के लिए अग्रणी भूमिका निभाते हैं।

अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में मध्यप्रदेश से 8 एनएसएस कैडेट्स शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 1 लाख 56 हजार एनएसएस कैडेट्स कार्यरत हैं, जिन्होंने 1200 से अधिक गांवों को गोद लिया है।

अपर महानिदेशक एनसीसी, मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ निदेशालय मेजर जनरल जे.पी. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से एनसीसी की गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। भोपाल, जबलपुर और सागर में नए एनसीसी कैंप स्थापित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस वालिंटियर्स का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उन्होंने सम्मानित कैडेट्स के साथ समूह चित्र भी खिंचवाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News