स्टॉक मार्किट

शेयर बाजार पर रॉबर्ट कियोसाकी की बड़ी चेतावनी, बोले- सोना-चांदी बनेंगे ‘रॉकेट’

शेयर बाजार पर रॉबर्ट कियोसाकी की बड़ी चेतावनी, बोले- सोना-चांदी बनेंगे ‘रॉकेट’

रिच डैड पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर बड़ा दावा किया है। इसने फाइनेंशियल मार्केट में जोरदार बहस छेड़ दी है। उन्होंने शेयर मार्केट में बहुत जल्द बड़ी गिरावट आने की नई चेतावनी दी है। साथ ही सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आने का अनुमान लगाया है।

रॉबर्ट कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर एक पोस्‍ट शेयर किया है। इसमें उन्‍होंने लिखा कि जाने-माने मार्केट स्ट्रेटेजिस्ट जिम रिकार्ड्स का मानना है कि सोने की कीमत आखिरकार 1,00,000 डॉलर प्रति औंस (लगभग 31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) तक पहुंच सकती है। इसी तरह कियोसाकी ने यह भी अनुमान लगाया कि भविष्य में चांदी की कीमतें 200 डॉलर प्रति औंस (करीब 7 लाख रुपये प्रति किलो) तक बढ़ सकती हैं।

सोने-चांदी में बंपर तेजी आने की भविष्यवाणी

रॉबर्ट कियोसाकी ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘गिरावट जल्द ही आने वाली है। जिम रिकार्ड्स का कहना है कि सोना $100,000 तक पहुंच जाएगा। अभी सोना $4,500 पर है। मुझे लगता है कि चांदी $200 प्रति औंस तक पहुंच जाएगी। अभी चांदी $75 पर है।’ अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतें डॉलर प्रति औंस में ही बोली जाती हैं। 1 ट्रॉय औंस में 31.1035 ग्राम होते हैं।

यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब ग्लोबल मार्केट पहले से ही जूझ रहे हैं। बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव, लगातार बनी हुई महंगाई की चिंता, बढ़ते सरकारी कर्ज और सेंट्रल बैंक की नीतियों को लेकर बनी अनिश्चितता इसकी वजह हैं।

कियोसाकी की चेतावनी ने छेड़ दी चर्चा

कियोसाकी की इस ताजा चेतावनी ने एक बार फिर इस बात पर चर्चा छेड़ दी है कि क्या दुनिया एक और बड़े फाइनेंशियल बदलाव की ओर बढ़ रही है, जो आखिरकार निवेशकों को ठोस संपत्तियों की ओर धकेल सकता है।

रॉबर्ट कियोसाकी ने कहा, ‘सबसे अच्छे निवेशक वे होते हैं जो भविष्य को देख पाते हैं। उसके अनुसार कदम उठाते हैं। याद रखें इस गिरावट का शिकार बनना आपके लिए जरूरी नहीं है। आप और भी ज्‍यादा अमीर बन सकते हैं।’

सालों से कियोसाकी लगातार इस बात की वकालत करते रहे हैं कि सिर्फ कागजी मुद्राओं या पारंपरिक फाइनेंशियल संपत्तियों पर निर्भर रहने के बजाय सोना, चांदी और बिटकॉइन जैसी ठोस संपत्तियों को अपने पास रखना चाहिए। उनकी ये ताजा प्रतिक्रिया एक बार फिर उनके इस पुराने नजरिए को मजबूती देती हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News