मध्य प्रदेश

सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना: किसानों को सौर ऊर्जा से मिलेगा सस्ता बिजली लाभ

mp-cm-mohan-yadav-with-cow-in-village

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनुबंध वितरण प्रक्रिया की शुरुआत की

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना को किसानों के हित में एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इस योजना के तहत किए जा रहे अनुबंध राज्य के लिए अमूल्य उपहार हैं। उनके अनुसार, यह योजना प्रदेश की कृषि और ऊर्जा नीति के समन्वय का एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस 25 मार्च के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इस योजना के तहत विद्युत क्रय अनुबंधों का वितरण शुरू किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

4000 मेगावॉट क्षमता की सोलर इकाइयां होंगी स्थापित

इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लगभग 4 हजार मेगावॉट क्षमता की सौर ऊर्जा इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इससे प्रदेश के लगभग 8 लाख कृषि पम्प सीधे सौर ऊर्जा से संचालित होंगे, जिससे किसानों को सस्ती और निरंतर बिजली उपलब्ध हो सकेगी।

किसानों को मिलेगी किफायती दर पर बिजली

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत 4022 मेगावॉट की सोलर परियोजनाएं आवंटित की जा चुकी हैं। इनसे किसानों को मात्र 2.40 रुपये से 2.85 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी, जो वर्तमान दरों की तुलना में काफी किफायती है।

मध्यप्रदेश बन रहा है ग्रीन पावर स्टेट

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने अब तक 12 हजार मेगावॉट से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित कर ली है। राज्य अब केवल पावर स्टेट ही नहीं, बल्कि तेजी से ग्रीन पावर स्टेट बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता अत्यंत आवश्यक है और सौर ऊर्जा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

2026 को मनाया जाएगा कृषि कल्याण वर्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2026 को मध्यप्रदेश में “कृषि कल्याण वर्ष” के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। इस अभियान में सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना की अहम भूमिका होगी, जिससे किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में मदद मिलेगी।

किसानों को मिले अनुबंध पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के किसानों को अनुबंध पत्र वितरित किए। इनमें रतलाम, खरगोन, उज्जैन, मंदसौर और राजगढ़ के किसान शामिल थे।

ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से हो रहा विकास

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कदम किसानों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। वहीं, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने प्रदेशवासियों से अपने घरों में रूफटॉप सोलर लगाने का आह्वान किया।

अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि मुरैना में विकसित हो रही राज्य की पहली सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना में अब तक की सबसे कम 2.70 रुपये प्रति यूनिट की दर प्राप्त हुई है। साथ ही, ऊर्जा विकास निगम 44 वर्षों बाद लाभ की स्थिति में आया है।

फीचर इमेज : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मोहली (सागर) में किसान के खलियान में गौ माता को गुड चारा खिलाया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News