Jharkhand-leading-state-target-hemant-soren-davos : झारखंड I मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ‘हरित ऊर्जा और निवेश के नए अवसरों के साथ विकसित भारत और समृद्ध झारखंड’ के लक्ष्य को साधते हुए पहली बार वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच से कहा कि झारखंड को अग्रणी राज्य बनाने का उनका स्पष्ट लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि झारखंड को निवेश और विकास की नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड में औद्योगिक विकास, हरित ऊर्जा, पर्यटन और तकनीक आधारित निवेश की अपार संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अपनी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करे और सतत विकास का मॉडल बने।
उन्होंने बताया कि झारखंड पहली बार इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर अपनी भागीदारी दर्ज करा रहा है, जहां दुनिया के कई देशों के नेता, निवेशक और बड़ी कंपनियां मौजूद हैं। यह राज्य के लिए वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमताओं को प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री ने ‘झारखंड 2050’ विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य को आने वाले वर्षों में हरित ऊर्जा, इको-टूरिज्म, खनन, मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अग्रणी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री के दूरदर्शी विज़न की हुई सराहना
डिजिटल कौशल विकास व AI आधारित समाधान
इन्फोसिस के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कौशल विकास से जुड़े विज़न की सराहना की। बैठक में विशेष रूप से युवाओं के लिए री-स्किलिंग, अप-स्किलिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
इन्फोसिस ने झारखंड में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, टेक्नोलॉजी टॉवर की परिकल्पना और खनन क्षेत्र में उत्पादकता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के लिए AI आधारित समाधानों की संभावनाएं प्रस्तुत कीं। इस पर राज्य सरकार ने सकारात्मक रुख दिखाया।
तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने की पहल
इन्फोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इन्फोसिस हाउस भ्रमण का आमंत्रण दिया गया। यहां कंपनी द्वारा विकसित अत्याधुनिक AI आधारित नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
यह पहल झारखंड में डिजिटल परिवर्तन, तकनीकी सहयोग और उद्योग आधारित कौशल विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से राज्य के युवाओं का भविष्य सशक्त बनाया जाएगा।
दावोस में झारखण्ड ने ऊर्जा के उत्पादन, उपभोग और सतत विकास पर वैश्विक साझेदारी को दिया नया आयाम
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक के दूसरे दिन झारखण्ड ने ऊर्जा के उत्पादन, उपभोग और सतत विकास और क्षेत्रीय नेतृत्व से जुड़े वैश्विक संवादों में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माताओं, निवेशकों और वैश्विक संगठनों के साथ कई महत्वपूर्ण चर्चाओं में भाग लिया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तय जलवायु और स्थिरता लक्ष्यों को जमीनी स्तर पर लागू करने में राज्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने झारखंड द्वारा औद्योगिक विकास को पर्यावरणीय जिम्मेदारी के साथ संतुलित करने, रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय आर्थिक मजबूती को सुदृढ़ करने के प्रयासों को प्रमुखता से रेखांकित किया।

Comments