भोपाल। रंगों के त्योहार रंगपंचमी के मौके पर पुराने शहर में निकलने वाले पारंपरिक चल समारोह को देखते हुए भोपाल में रविवार सुबह 8 बजे से ट्रैफिक डायवर्सन लागू किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा।
दरअसल, हर साल की तरह इस बार भी पुराने शहर में रंगपंचमी का भव्य चल समारोह निकलेगा। ऐसे में भीड़ और जुलूस को देखते हुए यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
जनकपुरी सुभाष चौक से शुरू होगा चल समारोह
जानकारी के अनुसार रंगपंचमी का चल समारोह जनकपुरी सुभाष चौक (सराफा चौक) से शुरू होगा। इसके बाद जुलूस लोहा बाजार, जुमेराती, जनकपुरी, सिंधी मार्केट और भवानी मंदिर सोमवारा से होते हुए आगे बढ़ेगा।
इसके बाद यह लखेरापुरा, पीपल चौक और चिंतामन चौराहा से गुजरते हुए इतवारा जैन मंदिर पहुंचेगा। फिर जुलूस मंगलवारा थाना, घोड़ा नक्कास, अग्रवाल पुड़ी भंडार और छोटे भैया कॉर्नर से होते हुए हनुमानगंज रोड स्थित हनुमान मंदिर पर समाप्त होगा।
पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों के लिए विशेष मिलन समारोह
रंगोत्सव के अवसर पर होली मिलन समारोह के साथ-साथ पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों के लिए अलग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस पब्लिक स्कूल में रखा गया था।
इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस परिवार की 500 से अधिक महिलाओं और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे की धुनों पर होली और फिल्मी गीतों के साथ सभी ने जमकर नृत्य किया और रंगों के इस त्योहार का आनंद हर्षोल्लास के साथ मनाया।
पूरे आयोजन में परिवारिक माहौल और आपसी अपनापन साफ दिखाई दिया, जहां महिलाओं और बच्चियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिलन समारोह को यादगार बना दिया।
इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बदलेगी
चल समारोह के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर चार पहिया वाहनों, लोक परिवहन और सवारी वाहनों की आवाजाही को परिवर्तित मार्गों से संचालित किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक आवश्यकतानुसार निम्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा—
- मोती मस्जिद चौराहा से बुधवारा चौराहा की ओर
- तलैया तिराहा से बुधवारा
- भारत टॉकीज से इतवारा
- चौकी इमामबाड़ा से जुमेराती
- नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास
- अल्पना तिराहा से नादरा बस स्टैंड
- भोपाल टॉकीज चौराहा से नादरा बस स्टैंड
इसके अलावा काजी कैंप से सिंधी कॉलोनी की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी जरूरत के अनुसार डायवर्ट की जाएगी।
प्रशासन ने तय किए वैकल्पिक मार्ग
हालांकि, नागरिकों को ज्यादा परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने कई वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं।
वाहन चालक अल्पना तिराहा से समानांतर मार्ग होते हुए सपना लॉज तिराहा, अग्रवाल धर्मशाला और सिंधी कॉलोनी के रास्ते शाहजहानाबाद बजरिया तिराहा तथा शर्मा कॉलोनी तिराहा से तीनमोहरा होकर आवागमन कर सकेंगे।
इसके अलावा तलैया से लिली टॉकीज चौराहा, इमामबाड़ा, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है।
प्रशासन ने तय किए वैकल्पिक मार्ग
हालांकि, नागरिकों को ज्यादा परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने कई वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं।
वाहन चालक अल्पना तिराहा से समानांतर मार्ग होते हुए सपना लॉज तिराहा, अग्रवाल धर्मशाला और सिंधी कॉलोनी के रास्ते शाहजहानाबाद बजरिया तिराहा तथा शर्मा कॉलोनी तिराहा से तीनमोहरा होकर आवागमन कर सकेंगे।
इसके अलावा तलैया से लिली टॉकीज चौराहा, इमामबाड़ा, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है।

Comments