तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख और अभिनेता से राजनेता बने सी जोसेफ विजय आज तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राज्यभर में उत्साह का माहौल है। विजय सुबह 10 बजे राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली.
वहीं, विजय के साथ उनकी पार्टी के 9 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ली, समारोह में राजनीति और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होने पहुंची । कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चेन्नई पहुंच चुके हैं। इसके अलावा अभिनेत्री तृषा, संगीता, सनम शेट्टी और सिंगर कृष भी स्टेडियम में नजर आए।
विजय तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री बने, 200 यूनिट फ्री बिजली का ऐलान
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने राज्य के लोगों को बड़ी राहत देते हुए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का पहला फैसला लिया।
शपथ के दौरान विजय ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए कहा कि वह भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह बिना किसी डर या दबाव के सभी लोगों के साथ निष्पक्ष न्याय करेंगे।
इस बीच मदुरै समेत कई शहरों में विजय के समर्थकों ने जश्न मनाया। फैंस ने मिठाइयां बांटीं, ढोल-नगाड़ों पर नाचे और कई समर्थक भावुक भी नजर आए। सोशल मीडिया पर भी विजय के मुख्यमंत्री बनने की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जनता को बताया अपना परिवार, बोले- “मैं आपका बेटा और भाई हूं”
अपने संबोधन में विजय ने कहा कि वह किसी राजनीतिक या शाही परिवार से नहीं आते, बल्कि एक साधारण परिवार में पले-बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता असिस्टेंट डायरेक्टर थे और संघर्षों के बीच उन्होंने जिंदगी को करीब से देखा है। विजय ने कहा कि यही वजह है कि वह आम लोगों की समस्याओं और जरूरतों को बेहतर तरीके से समझते हैं। उन्होंने जनता से कहा, “मैं खुद को आप लोगों के परिवार का हिस्सा मानता हूं, आपके बेटे और भाई की तरह।”
तमिलनाडु BJP के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और पार्टी नेता तमिलिसाई सौंदरराजन जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम पहुंच गए हैं, जहां TVK चीफ जोसेफ़ विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं।
विजय के साथ कौन-कौन बनेगा मंत्री?
TVK की ओर से जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिली है, उनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि फिलहाल सहयोगी दलों के किसी भी विधायक को पहले मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है। यानी शुरुआती कैबिनेट पूरी तरह TVK के नेताओं पर आधारित रहेगी।
राज्यपाल से मिले थे विजय
दरअसल, शनिवार को विजय ने राज्यपाल आरएन रवि अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उन्होंने TVK के साथ कांग्रेस, CPI, CPM, VCK और IUML के कुल 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 234 में से 108 सीटें जीती थीं। वहीं सहयोगी दलों के समर्थन के बाद विजय के पास कुल 121 विधायकों का आंकड़ा पहुंच गया, जो बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से अधिक है।
60 साल बाद तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक बदलाव
तमिलनाडु की राजनीति में यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है। राज्य में करीब 60 साल बाद किसी गैर-द्रविड़ दल का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। इससे पहले 1963 से 1967 तक कांग्रेस नेता एम भक्तवत्सलम तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहे थे।
हालांकि, पिछले कई दशकों से राज्य की राजनीति में द्रविड़ पार्टियों का दबदबा बना हुआ था। ऐसे में विजय की जीत को तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
फिल्म इंडस्ट्री से राजनीति तक का सफर
विजय लंबे समय से तमिल सिनेमा के बड़े सितारों में गिने जाते रहे हैं। उनकी फिल्मों की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। दूसरी ओर, राजनीति में उनकी एंट्री को शुरुआत में कई लोगों ने सिर्फ स्टार पावर माना था। लेकिन अब पहली ही चुनावी परीक्षा में मिली सफलता ने विजय को राज्य की राजनीति का बड़ा चेहरा बना दिया है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
तमिलनाडु चुनाव 2026: दक्षिण सिनेमा से सत्ता तक पहुंचे ये बड़े सितारे और राइटर्स
दक्षिण भारत की राजनीति और फिल्म इंडस्ट्री का रिश्ता कई दशकों पुराना रहा है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कई ऐसे अभिनेता, लेखक और स्क्रिप्ट राइटर हुए, जिन्होंने पर्दे की लोकप्रियता को राजनीतिक ताकत में बदल दिया। अब विजय के मुख्यमंत्री बनने के साथ यह चर्चा फिर तेज हो गई है।
सीएन अन्नादुरई
फिल्मों के लेखक से मुख्यमंत्री तक का सफर
सीएन अन्नादुरई तमिल सिनेमा के शुरुआती दौर के मशहूर लेखकों में गिने जाते थे। उन्होंने फिल्मों के लिए कहानी, संवाद और पटकथा लिखकर अलग पहचान बनाई। बाद में वे द्रविड़ राजनीति का बड़ा चेहरा बने।
साल 1967 में उन्होंने मद्रास राज्य के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 1969 में राज्य का नाम बदलकर तमिलनाडु रखा गया। राजनीति में आने से पहले वे 15 से ज्यादा फिल्मों से जुड़े रहे थे।
एम करुणानिधि
स्क्रिप्ट राइटिंग से राजनीति के शिखर तक
एम करुणानिधि ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म इंडस्ट्री में स्क्रिप्ट राइटर के रूप में की थी। उनकी दमदार लेखनी ने उन्हें तमिल सिनेमा में खास पहचान दिलाई।
इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और पांच बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने करीब 75 फिल्मों के लिए कहानी और संवाद लिखे। उनका काला चश्मा और पीला शॉल लंबे समय तक उनकी पहचान बना रहा।
एमजीआर
पहले सुपरस्टार, फिर मुख्यमंत्री
एमजी रामचंद्रन यानी एमजीआर तमिल फिल्मों के सबसे लोकप्रिय सितारों में रहे। फिल्मों में उनकी छवि गरीबों के मददगार हीरो की थी, जिसका फायदा उन्हें राजनीति में भी मिला।
उन्होंने 1972 में AIADMK पार्टी बनाई और 1977 में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। वे देश के पहले ऐसे बड़े फिल्म स्टार माने जाते हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री पद तक पहुंच बनाई। एमजीआर ने अपने फिल्मी करियर में 140 से ज्यादा फिल्मों में काम किया।
जयललिता
अभिनेत्री से छह बार मुख्यमंत्री बनने तक
जयललिता ने तमिल फिल्मों में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। उन्होंने एमजीआर के साथ भी कई चर्चित फिल्मों में अभिनय किया था।
बाद में वे AIADMK की प्रमुख बनीं और छह बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं। उन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं की 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। आज भी उनके समर्थक उन्हें मजबूत और लोकप्रिय नेता के रूप में याद करते हैं।
एनटीआर
तेलुगु सिनेमा के स्टार से राजनीति के दिग्गज तक
एनटी रामाराव यानी एनटीआर तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उन्होंने फिल्मों में भगवान राम, कृष्ण और कर्ण जैसे किरदार निभाकर अपार लोकप्रियता हासिल की।
साल 1982 में उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना की। इसके बाद वे तीन बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया।
पवन कल्याण
फिल्मों से राजनीति तक जारी है सफर
पवन कल्याण ने 2014 में जनसेना पार्टी बनाई थी। हालांकि शुरुआती वर्षों में उन्हें राजनीति में बड़ी सफलता नहीं मिली।
इसके बावजूद उन्होंने लगातार अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। 2024 में टीडीपी और बीजेपी के साथ गठबंधन के बाद उनकी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद वे आंध्र प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री बने। पवन कल्याण 25 से ज्यादा तेलुगु फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
Comments