धर्म

Navratri 2024 : नवरात्रि का पहला दिन, ऐसे करें मां शैलपुत्री की पूजा

वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्।
वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम् ।।

माँ दुर्गा अपने पहले स्वरूप में ‘शैलपुत्री’ के नाम से जानी जाती हैं। पर्वतराज हिमालय के वहाँ पुत्री के रूप में उत्पन्न होने के कारण इनका यह ‘शैलपुत्री’ नाम पड़ा था। वृषभ-स्थिता इन माताजी के दाहिने हाथ में त्रिशूल और बायें हाथ में कमल पुष्प सुशोभित है। यही नव दुर्गाओं में प्रथम दुर्गा हैं।

अपने पूर्वजन्ममें ये प्रजापति दक्षकी कन्याके रूपमें उत्पन्न हुई थीं। तब इनका नाम ‘सती’ था। इनका विवाह भगवान् शङ्कर जी से हुआ था।

मां शैलपुत्री कौन थीं?

एक बार प्रजापति दक्षने एक बहुत बड़ा यज्ञ किया। इसमें उन्होंने सारे देवताओंको अपना-अपना यज्ञ-भाग प्राप्त करनेके लिये निमन्त्रित किया। किन्तु शङ्करजीको उन्होंने इस यज्ञमें निमन्त्रित नहीं किया। सतीने जब सुना कि हमारे पिता एक अत्यन्त विशाल यज्ञका अनुष्ठान कर रहे हैं, तब वहाँ जानेके लिये उनका मन विकल हो उठा। अपनी यह इच्छा उन्होंने शङ्करजीको बतायी। सारी बातोंपर विचार करनेके बाद उन्होंने कहा- “प्रजापति दक्ष किसी कारणवश हमसे रुष्ट हैं। अपने यज्ञमें उन्होंने सारे देवताओंको निमन्त्रित किया है। उनके यज्ञ-भाग भी उन्हें समर्पित किये हैं, किन्तु हमें जान-बूझकर नहीं बुलाया है। कोई सूचनातक नहीं भेजी है। ऐसी स्थितिमें तुम्हारा वहाँ जाना किसी प्रकार भी श्रेयस्कर नहीं होगा।”

मां सती अपने मायके जाने के लिए बेचैन होने लगी

शंकर जी के इस उपदेश से सती का प्रबोध नहीं हुआ। पिता का यज्ञ देखने, वहाँ जाकर माता और बहनों से मिलने की उनकी व्यग्रता किसी प्रकार भी कम न हो सकी। उनका प्रबल आग्रह देखकर भगवान् शङ्करजी ने उन्हें वहाँ जाने की अनुमति दे दी।

सती ने पिता के घर पहुँचकर देखा कि कोई भी उनसे आदर और प्रेम के साथ बात-चीत नहीं कर रहा है। सारे लोग मुँह फेरे हुए हैं। केवल उनकी माता ने स्नेह से उन्हें गले लगाया। बहनों की बातों में व्यंग्य और उपहास के भाव भरे हुए थे। परिजनों के इस व्यवहार से उनके मन को बहुत क्लेश पहुँचा। उन्होंने यह भी देखा कि वहाँ चतुर्दिक् भगवान् शङ्करजी के प्रति तिरस्कार का भाव भरा हुआ है। दक्ष ने उनके प्रति कुछ अपमानजनक वचन भी कहे। यह सब देखकर सती का हृदय क्षोभ, ग्लानि और क्रोध से सन्तप्त हो उठा। उन्होंने सोचा भगवान् शङ्करजी की बात न मान, यहाँ आकर मैंने बहुत बड़ी गलती की है।

वह अपने पति भगवान् शङ्कर के इस अपमान को सह न सकीं। उन्होंने अपने उस रूप को तत्क्षण वहीं योगाग्नि द्वारा जलाकर भस्म कर दिया। वज्रपात के समान इस दारुण-दुःखद घटना को सुनकर शङ्करजी ने कुद्ध हो अपने गणोंको भेजकर दक्ष के उस यज्ञका पूर्णतः विध्वंस करा दिया।

मां सती ने अगले जन्म में शैलराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लिया

सती ने योगाग्नि द्वारा अपने शरीर को भस्मकर अगले जन्म में शैलराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लिया। इस बार वह ‘शैलपुत्री’ नाम से विख्यात हुईं। पार्वती, हैमवती भी उन्हींके नाम हैं। उपनिषद्‌की एक कथाके अनुसार इन्होंने हैमवती स्वरूप से देवताओं का गर्व-भंजन किया था। ‘शैलपुत्री’ देवीका विवाह भी शङ्कर जी से ही हुआ। पूर्वजन्मकी भाँति इस जन्म में भी वह शिवजी की अर्द्धांगिनी बनीं। नव दुर्गाओं में प्रथम शैलपुत्री दुर्गा का महत्त्व और शक्तियाँ अनन्त हैं। नवरात्र- पूजन में प्रथम दिवस इन्हीं की पूजा और उपासना की जाती है। इस प्रथम दिनकी उपासना में योगी अपने मनको ‘मूलाधार’ चक्र में स्थित करते हैं। यहीं से उनकी योग साधना का प्रारम्भ होता है।

मां शैलपुत्री के बारे में कुछ और खास बातें:

  • मां शैलपुत्री देवी दुर्गा के नौ रूपों में सबसे पहले रूप हैं।
  • मां शैलपुत्री का वाहन वृषभ है।
  • मां शैलपुत्री के दाएं हाथ में त्रिशूल और बाएं हाथ में कमल लिए रहती हैं।
  • मां शैलपुत्री को स्नेह, करूणा, धैर्य, और इच्छाशक्ति की देवी कही जाती हैं।
  • मां शैलपुत्री की पूजा से मूलाधार चक्र जागृत होता है।
  • मां शैलपुत्री की पूजा में लाल फूल, नारियल, सिंदूर, और घी के दीपक का इस्तेमाल किया जाता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News